नई दिल्ली. मौसम अब तब्दील हो रहा है और ठंड का आगाज होने ही वाला है. ऐसे में एनिमल एक्सपर्ट कहते हैं कि मौसम बदलने पर पशुओं के प्राथमिक स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने चाहिए. डेयरी पशु को मौसम में ठंडक शुरू होते ही सबसे पहले पेट के कीड़ों (कृमि) की दवा देना चाहिए. उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए इम्युनिटी सिरप (जैसे इम्यूनो सिरप) लगातार 5 दिनों तक 50-50 ml तक जरूर पिलाएं. इसके अलावा शेड और आवास प्रबंधन पर भी ध्यान दें. यदि गौशाला की छत एस्बेस्टस (करकट/टीन) की है, तो छत से 1 फीट नीचे बांस की जाली बनाकर उस पर पुआल (धान का पैरा/नरुआ) की अटियां बिछा दें. इससे छत से नीचे आने वाली ठंड रुक जाती है.
शाम से सुबह तक खिड़कियों और दरवाजों पर जूट के बोरे या पर्दे लगाएं. हां दोपहर में धूप निकलने पर पर्दे उठा दें. ताकि शेड में धूप और ताजी हवा आ सके. वहीं इस बात भी ध्यान रखें कि शेड को पूरी तरह सील न करें. हवा का निकास रहना जरूरी है, अन्यथा गोबर-पेशाब से निकलने वाली अमोनिया गैस फेफड़ों को नुकसान पहुंचाएगी.
सर्दियों का संतुलित आहार व ‘अफरा’ से बचाव, कैसे करें
फर्श की सफाई दिन में कम से कम दो बार करें. बैठने की जगह पर सूखा पुआल, भूसा या सूखी पत्तियां बिछाएं और कड़ाके की ठंड में पशु की पीठ पर जूट का सूखा बोरा ओढ़ा दें.
सुबह 9:00 बजे से पहले और शाम 4:00–5:00 बजे के बाद पशुओं को शेड से बाहर न निकालें. अच्छी धूप खिलने पर ही बाहर लाएं.
संतुलित दाना व खली दाने में सरसों की खली (मस्टर्ड केक) या बिनौले की खल की मात्रा बढ़ाएं, जो शरीर में अंदरूनी गर्मी पैदा करती है.
दाने में 2 फीसद मिनरल मिक्सचर (लगभग 50 ग्राम प्रतिदिन) और 1% सेंधा नमक जरूर मिलाएं.
पशु को ऊर्जा बनाए रखने के लिए सप्ताह में दो बार गुड़ अवश्य खिलाएं.
ठंड में केवल बरसीम, जई या दलहनी हरा चारा अधिक खिलाने से पशुओं को अफरा (Bloat/पेट फूलना) और ठंड की शिकायत हो जाती है.
इसलिए हरा चारा और सूखा चारा (भूसा) हमेशा 1:3 के अनुपात में अच्छी तरह मिलाकर ही खिलाएं.
रात का रखा हुआ बासी और ठंडा पानी सुबह पशुओं को न पीने दें. ठंडा पानी पीने से फेफड़ों में इन्फेक्शन और निमोनिया का खतरा सबसे ज्यादा रहता है. इसलिए हमेशा कुएं या हैंडपंप का ताजा पानी पिलाएं.
रोजाना नहलाने के बजाय अच्छी धूप खिलने पर 2-3 दिन के अंतराल पर ही नहलाएं.
पशुबाड़े में अलाव जलाएं तो उसे पशुओं की पहुंच से सुरक्षित दूरी पर रखें और गले की रस्सी छोटी रखे.
निष्कर्ष
पशुओं को ठंड बचाने के लिए इन उपायों को जरूर करें. ताकि पशु ठंड से महफूज रहे और आपको इस काम में नुकसान न हो.













Leave a comment