खबरें दिनभर की: लाइव अपडेट्स

ये खबरें दिनभर की लाइव स्टोरी हैं.
लाइव अपडेट्स
-
मैत्री कार्यकर्ताओं को आईडी कार्ड वितरित किए

पशुपालन एवं डेयरी विभाग की महत्वपूर्ण पहल की गई है. इसके अंतर्गत प्रमुख सचिव उमाकांत उमराव द्वारा मैत्री कार्यकर्ताओं को विशिष्ट पहचान प्रदान करने और उनके कार्यों में पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से ‘मैत्री आईडी कार्ड’ प्रदान किये गए. आज भोपाल, रायसेन एवं सीहोर जिले के 15 चयनित मैत्री कार्यकर्ताओं को आईडी कार्ड वितरित किए गए. यह आईडी कार्ड प्रदेश के उन सभी सक्रिय मैत्री कार्यकर्ताओं को दिया जाएगा, जो ग्रामीण एवं शहरी स्तर पर नस्ल सुधार, पशुधन संरक्षण एवं विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं. इसके साथ ही विभाग ने डीबीटी (प्रत्यक्ष लाभ अंतरण) प्रणाली के माध्यम से गौसेवक मैत्री को मानदेय राशि वितरित करने की नई व्यवस्था भी लागू की है. इस डिजिटल पहल से मानदेय वितरण प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता आएगी और पात्र कार्यकर्ताओं के खाते में समय पर मानदेय राशि पहुंच सकेगी.
-
अच्छी गुणवत्ता वाला दूध व डेयरी उत्पाद देने की पहल

ब्रिगेडियर विकास हुड्डा ने अरुणाचल प्रदेश में सहकारी डेयरी विकास की पहलों पर चर्चा करने के लिए NDDB, कोलकाता के क्षेत्रीय प्रमुख डॉ. सब्यसाची रॉय से मुलाकात की. ब्रिगेडियर हुड्डा को 'श्वेत क्रांति 2.0' (White Revolution 2.0) के तहत राज्य को शामिल करने और दूध प्रोसेसिंग व वैल्यू-एडेड प्रोडक्ट का इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने की योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई. चर्चा का मुख्य उद्देश्य एक सहकारी डेयरी नेटवर्क बनाना था, ताकि अरुणाचल प्रदेश में तैनात सशस्त्र बलों (ADGPI - भारतीय सेना) और राज्य भर के उपभोक्ताओं को सुरक्षित और अच्छी गुणवत्ता वाला दूध व डेयरी उत्पाद मिल सकें.




