नई दिल्ली. ऐसे बहुत से पोल्ट्री फार्मर्स हैं, जिन्होंने कम लागत से ही मुर्गी पालन किया और अच्छी कमाई कर रहे हैं. उन्होंने नौकरी न करके खुद का बिजनेस शुरू किया और आत्मनिर्भर बन गए हैं. एक्सपर्ट कहते हैं कि एक से डेढ़ लाख रुपए खर्च करके आसानी के साथ मुर्गी पालन से 15 से 20 हजार रुपए महीना कमाया जा सकता है. युवा अगर इस काम में आगे आते हैं तो वो सरकारी मदद से भी काम शुरू कर सकते हैं या फिर खुद की पूंजी से भी काम आगे बढ़ा सकते हैं. अगर देसी पोल्ट्री फार्मिंग के लिए सोनाली ब्रीड का चयन किया जाए तो अच्छी कमाई की जा सकती है.
हालांकि इसके लिए जरूरी है कि फार्मिंग की ट्रेनिंग ली जाए. जिसमें ब्रूडिंग, वैक्सीनेशन, दवाइयों और शेड निर्माण की पूरी जानकारी मिल जाएगी. इससे मुर्गी पालन में नुकसान का खतरा कम रहेगा. हालांकि कम बजट में काम शुरू करने के लिए आपके पास जमीन होना चाहिए या फिर लीज पर जमीन ले सकते हैं.
कितना बड़ा बनाएं फार्म, क्या खर्च आएगा
फार्म साइज व खर्च की बात की जाए तो फार्म की लंबाई 60 फीट चौड़ाई 20 फीट रखें. इस तरह आप 1500 से 2000 मुर्गियों का शेड तैयार कर लेंगे.
शेड को तैयार करने में सीमेंट की चादर और टिन की जाली लगानी होगी. इसमें लगभग 80 से 90 हजार रुपए की लागत आ सकती है.
स्मार्ट मार्केटिंग स्ट्रेटजी अपनाइ. इसके लिए 1,500 क्षमता वाले फार्म में 2,000 चूजे डाल सकते हैं. जैसे-जैसे चूजे बड़े हुए, उनमें से 500 मुर्गियों को पहले ही बेच दें.
इससे शुरुआती लागत, दाने का खर्च और मेंटेनेंस का पैसा निकल आएगा और शेड में जगह की कमी भी नहीं होगी.
इस तरह 1500 के बैच से 60 हजार से 70 हजार रुपए का शुद्ध मुनाफा हो जाएगा.
गौतरलब है कि गर्मी के मौसम में मुर्गियों के मीट की तो मांग रहती है लेकिन अंडों की डिमांड घट जाती है.
इसलिए गर्मियों में मुर्गियों को मांस के लिए बेचना चाहिए. क्योंकि गर्मियों में अंडे की मांग और भाव दोनों ही कम मिलता है.
जबकि ठंड के मौसम में कुछ मुर्गियों को अलग शेड में अंडे उत्पादन के लिए शिफ्ट कर देना चाहिए.
इससे जो अंडे आपको मिलेंगे. उन्हें आप 15 से 18 रुपए प्रति पीस के अच्छे भाव पर बेच सकते हैं.
निष्कर्ष
एक बात जान लें कि बिना ट्रेनिंग के इस काम की शुरुआत न करें. पोल्ट्री एक टेक्निकल काम है. ब्रूडिंग का तापमान, दाना-पानी का सही मैनेजमेंट, और बीमारियों (जैसे रानीखेत, गम्बोरो) से बचाव के लिए सही समय पर लासोटा (Lasota) जैसी वैक्सीन देना अनिवार्य है. बिना ज्ञान के इसमें बड़ा नुकसान हो सकता है.













Leave a comment