नई दिल्ली. असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह (ललन सिंह) के साथ एक अहम बैठक की. जिसमें असम में डेयरी सेक्टर को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया. ताकि किसानों की इनकम को इसके जरिए बढ़ाया जा सके. इस बैठक में DAHD के सचिव नरेश पाल गंगवार, मत्स्य पालन विभाग की सचिव डॉ. अभिलक्ष लेखी, DAHD की अतिरिक्त सचिव वर्षा जोशी, NDDB के चेयरमैन डॉ. मीनेश शाह के साथ-साथ पशुपालन और डेयरी विभाग तथा असम सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए. इन सभी ने डेयरी सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए अपने अमूल्य विचार रखे.
बैठक के दौरान, मुख्यमंत्री बिस्वा ने दोहराया कि असम के डेयरी विकास कार्यक्रम को आगे बढ़ाया जाना चाहिए. उन्होंने इसकी जिम्मेदारी NDDB को सौंपे जाने की बात कही. उन्होंने इस दौरान कहा कि एनडीडीबी ने जिस तरह से देश के अलग—अलग इलाकों में डेयरी सेक्टर को मजबूत करने का काम किया है, ठीक उसी तरह से असम में भी ये काम होगा.
18 महीनों में पूरा होने की उम्मीद
वहीं इस दौरान NDDB के चेयरमैन ने बताया कि NPDD के तहत जोरहाट में और RIDF के तहत डिब्रूगढ़ और धेमाजी में डेयरी प्लांट का काम अच्छी गति से चल रहा है और इनके अगले 18 महीनों में पूरा होने की उम्मीद है.
डॉ. शाह ने यह भी बताया कि बराक घाटी में दूध की खरीद शुरू हो गई है और ‘पुरबी डेयरी’ सहकारी नेटवर्क के तहत दूध की मात्रा बढ़ने से राज्य में दूध की अधिकता (सरप्लस) की स्थिति बनने लगी है.
इससे निपटने के लिए, NDDB ने UHT दूध की मार्केटिंग शुरू की है और UHT दूध प्रोसेसिंग तथा मिल्क पाउडर बनाने की सुविधाएं स्थापित करने का प्रस्ताव दिया है. मुख्यमंत्री ने आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया.
केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री से असम में NDDB और NFDB के कार्यालय के लिए उपयुक्त ज़मीन उपलब्ध कराने का भी अनुरोध किया, जिस पर सहमति बन गई.
केंद्रीय मंत्री ने इच्छा जताई कि NDDB असम की अपनी आगामी यात्रा के दौरान असम के लिए एकीकृत डेयरी विकास योजना पर एक प्रेजेंटेशन दे.
दूसरी ओर नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड (NDDB), सुज़ुकी R&D इंडिया और नॉर्थ ईस्ट डेयरी एंड फूड्स लिमिटेड (NEDFL) ने असम में एक CBG प्लांट लगाने के लिए एक MoU पर साइन किए.
यह MoU सुज़ुकी के ग्लोबल CEO मिस्टर टी सुज़ुकी और NDDB के चेयरमैन डॉ. मीनेश शाह की मौजूदगी में साइन किया गया.
इस MoU पर NDDB के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर एस राजीव, सुज़ुकी R&D सेंटर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर मिस्टर केनिचिरो टोयोफुकु, NEDFL के MD श्री एसबी बोस और NDDB व सुज़ुकी के अन्य मैनेजमेंट अधिकारियों ने साइन किए.












Leave a comment