नई दिल्ली. मुर्गी पालन में अगर देसी मुर्गियां को फीड के अलावा कुछ ऐसी चीजें खिलाई जाएं, जिससे फीड की लागत भी कम हो और मुर्गी पालन में उत्पादन भी बेहतर मिले तो इससे अच्छा क्या हो सकता है. क्योंकि मुर्गी पालन एक ऐसा काम है, जिसमें फीड पर बहुत ज्यादा खर्च आता है. एक अनुमान के मुताबिक इस काम का सबसे ज्यादा खर्च 70 फीसद तक फीड पर ही आता है. इससे मुर्गी पालन में मुर्गी पालकों को मुनाफा तो होता है लेकिन उतना नहीं हो पाता, जितना होना चाहिए. इसलिए फीड के अलावा कुछ और भी खिलाना जरूरी है.
देसी मुर्गी को दाने के अतिरिक्त कई और चीजें खिला सकते हैं. लेकिन शर्त यही है कि वो चीजें प्राकृतिक सस्ती और पौष्टिक हों. एक्सपर्ट कहते हैं कि संतुलित आहार से मुर्गी स्वस्थ रहती है. इससे अंडा उत्पादन और मांस उत्पादन बेहतर हो जाता है.
देसी मुर्गी को दाने के अलावा ये खिलाएं
▶️ हरी पत्तीदार सब्जियां खिलाएं. जिसमें पालक, मेथी, चौलाई, सरसों, सहजन की पत्ती बारीक काटकर दें. ये विटामिन व मिनरल का अच्छा स्रोत हैं.
▶️ सब्जियों के टुकड़े खिलाएं. कद्द, लौकी, गाजर, चुकंदर, टमाटर आदि बारीक काटकर दिया जा सकता है. इससे पाचन बेहतर होगा और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ेगी.
▶️ अंकुरित दाने भी दें. जिसमें चना, मूंग, मटकी, उड़द को अंकुरित करके दें. ये प्रोटीन से भरपूर हैं और इससे तेजी से विकास में मदद मिलेगी.
▶️ कीड़े खिलाएं. कीड़ों में दीमक, चींटी के अंडे, घोंघे, केचुए, झींगुर आदि मुर्गियां खाती हैं. इन्हें प्राकृतिक प्रोटीन का बेहतरीन स्रोत माना जाता है.
▶️ पका हुआ चावल खिलाएं. बचा हुआ चावल (सादा) दें. ये ऊर्जा का अच्छा स्रोत है जबकि पचने में आसान भी है.
▶️ अंडे के छिलके भी खिलाएं. अंडे के छिलके सुखाकर पीधकर दें. ये कैल्शियम का अच्छा स्रोत है. इससे अंडे का खोल मजबूत होता है.
▶️ टूटा हुआ अनाज दें. जिसमें गेहूं, मक्का, ज्वार, बाजरा को शामिल करें. ये उर्जा व पोषण की पूर्ति करता है.
▶️ पपीता पका हुआ छोटे टुकड़ों में काटकर दें. ये पाचन सुधारे, कीड़ों की समस्या में लाभकारी होता है.
▶️ पका केला मैश करके या टुकड़ों में दें. इससे मुर्गियों की ऊर्जा बढ़ेगी. अंडा उत्पादन में केलाा सहायक होता है.
निष्कर्ष
इन चीजों को रोजाना या सप्ताह में 2-3 बार दें. खिलाते समय ध्यान रखें कि कोई भी नया आहार थीरे-धीरे शुरू करें. सड़ा-गला या बासी भोजन कभी न दें. हमेशा साफ पानी उपलब्ध रखें. संतुलित आहार के साथ दाना देना न भूलें. छोटे चूजों को बारीक काटकर ही दें.











