नई दिल्ली. मध्य प्रदेश में हर साल उच्च नस्ल की बछिया तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है. इसके लिए आधुनिक भ्रूण स्थानांतरण तकनीक (एम्ब्रयो ट्रांसफर तकनीक यानि ईटीटी) और पशुपालन के क्षेत्र में हीफर प्रबंधन या हीफर तकनीक (हीफर प्रबंधन तकनीक अर्थात एचएमटी) का सहारा लिए जाने का फैसला लिया गया है. कहा जा रहा है कि इससे कम खर्चे पर अधिक दूध उत्पादन वाली बछिया मिलेगी. इसको भोपाल में केरवा क्षेत्र में बुल मदर फार्म के पास 50 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जा रहा है. केंद्र व राज्य मिलकर 300 करोड़ से ज्यादा रुपए खर्च करेंगे.
असल में सीएम डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को रवीन्द्र भवन में राज्य स्तरीय गो-पूजन और पशुपालक सम्मान समारोह में इस तकनीक के बारे में बताया. यह भी कहा कि मप्र का पहला केंद्र होगा, इसमें तैयार बछिया पशुपालकों को देंगे, ताकि वे अधिक दूध ले सकें. इस दौरान सीएम मोहन यादव ने गोशालाओं के लिए 65.66 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए. ताकि गोशालाओं की व्यवस्था को सही ढंग से व्यवस्थित किया जा सके.
पशु नस्ल सुधार में ऐसे काम करेगी ईटीटी
मुख्यमंत्री एवं पशुपालन विभाग के सचिव सुदाम खाड़े के मुताबिक ईटीटी प्रजनन जैव प्रौद्योगिकी है, जिससे बेहतर फायदा लिया जा सकता है.
इसमें उच्च आनुवंशिक गुणों (अच्छी नस्ल) वाली मादा पशु (दाता) के गर्भाशय से विकसित भ्रूण को निकाला जाता है.
फिर सामान्य या कम गुणवत्ता वाली दूसरी मादा पशु (सरोगेट या प्राप्तकर्ता मां) के गर्भाशय में स्थानांतरित किया जाता है.
ऐसा करने से अच्छी नस्ल की बछिया व पाड़े होते हैं. फिर गाय व भैंस के लिए इसे उपयोग किया जाता है.
यह पशु सुधार कार्यक्रम और डेयरी फार्मिंग के लिए बहुत उपयोगी है. इससे दूध उत्पादन को बढ़ाने में बहुत ज्यादा मदद मिलती है.
वहीं एचएमटी, एक तरह से युवा मादा बछिया या कटिया का वैज्ञानिक ढंग से पालन-पोषण की प्रणाली है. जो एक भी बार ब्याई (प्रजनन) नहीं है.
इसके जरिए बछिया को कम समय में शारीरिक रूप से परिपक बनाया जाता है ताकि वह जल्द गर्भधारण करे और भविष्य में ज्यादा दूध देने में सक्षम बने.
निष्कर्ष
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश सरकार राज्य को दूध उत्पादन के क्षेत्र में नंबर वन राज्य बनाकर राज्य को डेयरी कैपिटल बनाना चाहती है. इसके लिए सरकार की तरफ से हर वो प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे दूध उत्पादन में वृद्धि हो सके. इसी कड़ी में उच्च नस्ल की बछिया तैयार करने का भी फैसला सरकार ने लिया है.












Leave a comment