नई दिल्ली. सर्दियों के मौसम में दुधारू पशुओं के स्वास्थ्य संरक्षण, निमोनिया से बचाव, आवास प्रबंधन और संतुलित आहार का ख्याल रखना चाहिए और वैज्ञानिक तरीकों को आजमाना चाहिए. एक्सपर्ट कहते हैं कि ठंड का मौसम शुरू होते ही सबसे पहले पशुओं को पेट के कीड़ों की दवा दें. वहीं रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत रखने के लिए इम्युनिटी सिरप (जैसे इम्यूनो सिरप) लगातार 5 दिनों तक 50-50 ml प्रतिदिन पिलाना बेहतर होता है. जबकि शेड की छत एस्बेस्टस (करकट/टीन) की है, तो छत से 1 फीट नीचे बांस की फट्टी बांधकर उस पर धान का पुआल बिछा दें, जिससे ऊपर से गिरने वाली ठंड रुक जाती है.
डेयरी एक्सपर्ट के मुताबिक शाम से सुबह तक खिड़की व दरवाजों पर जूट के बोरे या पर्दे गिराएं और दोपहर में धूप निकलने पर इन्हें उठा दें. शेड को पूरी तरह एयर-टाइट न करें ताकि गोबर-पेशाब से बनने वाली अमोनिया गैस बाहर निकलती रहे.
क्या और करना है, जानें यहां
फर्श की सफाई दिन में कम से कम दो बार करें. पशु के बैठने की जगह पर सूखा पुआल भूसा बिछाएं और कड़ाके की ठंड में पशु के शरीर पर जूट का सूखा बोरा ओढ़ाएं.
एक्सपर्ट के मुताबिक पशुओं को सुबह 9:00–10:00 बजे धूप खिलने के बाद ही बाहर निकालें और शाम 3:00–4:00 बजे (अधिकतम 5:00 बजे से पहले) अंदर बांध दें.
अफरा से बचाव के लिए जरूरी कदम उठाएं. पशुओं को ठंड में गर्म तासीर वाला दाना ही खिलाना चाहिए.
दाने में सरसों की खली (Mustard Cake) और बिनौला खल शामिल करें.
साथ में 2 फीसद मिनरल मिक्सचर (लगभग 50 ग्राम रोजाना), 1% सेंधा नमक और सप्ताह में दो बार गुड़ अवश्य दें.
ठंड में केवल बरसीम, जई या दलहनी हरा चारा अधिक खिलाने से पशु को अफरा (पेट फूलना) और ठंड लग सकती है.
इसलिए 1 भाग हरे चारे में 3 भाग सूखा चारा (भूसा) मिलाकर खिलाएं.
रात का रखा हुआ बासी व ठंडा पानी सुबह न पिलाएं, क्योंकि इससे फेफड़ों में संक्रमण होकर निमोनिया होने का सर्वाधिक खतरा रहता है. हमेशा ताजा नल/हैंडपंप का पानी ही पिलाएं.
धूप निकलने पर 2–3 दिन के अंतराल पर ही पशु को नहलाएं. अलाव जलाते समय पशु के गले की रस्सी छोटी रखें ताकि वह आग के करीब न पहुंच सके.
निष्कर्ष
ठंड में पशुओं की केयर थोड़ा अलग तरीके से की जाती है. क्योंकि ठंड का मौसम पशुओं को परेशान करता है. ठंड में होने वाली दिक्कतों से बचने के लिए बताई गई बातों पर जरूर अमल करें.













Leave a comment