नई दिल्ली. केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह( Amit Shah) ने महाराष्ट्र के पुणे जिल़े के तलेगांव में नेशनल हेवी इंजीनियरिंग लिमिटेड (NHEC) का भूमि पूजन किया. राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड द्वारा सहकारिता मंत्रालय के मार्गदर्शन में साल 1974 में स्थापित, NHEC के पुनरुद्धार की पहल की जा रही है. यह पहल सहकारी क्षेत्र की औद्योगिक क्षमताओं के आधुनिकीकरण, किसानों की आय में वृद्धि एवं आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को गति प्रदान करेगी. इस दौरान अपने संबोधन में अमित शाह ने सहकारिता आंदोलन में महाराष्ट्र और पुणे की अग्रणी भूमिका का उल्लेख करते हुए एनएचईसी के पुनरुद्धार की रूपरेखा प्रस्तुत की.
इस मौके पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, सुनेत्रा पवार, केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर, केंद्रीय सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल जी आदि मौजूद रहे. वहीं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सहकारिता आंदोलन में महाराष्ट्र और पुणे की अग्रणी भूमिका का उल्लेख करते हुए एनएचईसी के पुनरुद्धार की रूपरेखा प्रस्तुत की.
निवेश का मिलता है फायदा
उन्होंने कहा कि भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय की पहल पर सबसे पहले राष्ट्रीय डेरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) ने एनएचईसी का संचालन संभाला, जिसके बाद सभी लंबित ऑडिट पूरे किए गए.
एनडीडीबी, अमूल (Amul), एनसीडीसी (Ncdc India), इफको (IFFCO), नाफेड (NAFED India) और आईपीएल जैसी प्रमुख सहकारी संस्थाओं के निवेश का फायदा हुआ है.
निदेशक मंडल के पुनर्गठन तथा देनदारियों और लोन के पुनर्निर्धारण से पारदर्शी निपटान की योजना के साथ इसके पुनर्निर्माण का रास्ता आसान हुआ है.
इस अवसर पर NHEC एवं IDMC Limited के बीच तलेगांव परिसर में सिविल कार्यों, विद्युतीकरण एवं नवीनीकरण सहित अन्य संबद्ध कार्यों के लिए अनुबंध हेतु लेटर ऑफ इंटेंट (LoI) का आदान-प्रदान किया गया.
इससे चीनी, डेयरी, कंप्रेस्ड बायोगैस (सीबीजी), बायो एनर्जी, कैटल फीड, अनाज एवं अन्य कृषि संबद्ध क्षेत्रों के लिए विभिन्न औद्योगिक उपकरणों का स्वदेशी निर्माण को बढ़ावा मिलेगा.
जिससे आयात पर निर्भरता कम होगी तथा किसान केंद्रित संस्थाओं को गुणवत्तापूर्ण एवं किफायती मशीनरी उपलब्ध होगी.
कार्यक्रम के दौरान, माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री जी ने सहकारी समितियों के केंद्रीय पंजीयक के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय का उद्घाटन तथा पुणे में ‘भारत टैक्सी’ सेवा का शुभारंभ भी किया.
उन्होंने यह भी कहा कि शीघ्र ही यहां उत्पादन आरंभ होगा, जिसके अंतर्गत चीनी मिलें, उनके लिए बिजली उत्पादन संयंत्र बनेंगे.
साथ ही एथेनॉल एवं सीबीजी संयंत्र, डेरी क्षेत्र के संयंत्र और निर्यात हेतु कंटेनर बनेंगे. दूसरे चरण में रेलवे एवं रक्षा क्षेत्र के लिए कंटेनर निर्माण प्रस्तावित है.
यह पहल डेयरी और चीनी क्षेत्र में चक्रीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देगी, गोबर को किसानों की आय का साधन बनाएगी और चीनी मिलों के उप-उत्पादों के उपयोग से आयात पर निर्भरता घटाएगी.
इसकी कमाई का पूरा लाभ सहकारी संस्थाओं को मिलेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि एनएचईसी एक सफल सहकारी संस्था के रूप में पूरे देश को प्रेरित करेगा.













Leave a comment