नई दिल्ली. यदि आप पशुपालन कर रहे हैं तो आपको पशुओं के लिए ऐसा शेड तैयार करना चाहिए, जो सर्दी और गर्मी दोनों में पशुओं के लिए अनुकूल रहे. इस रिपोर्ट में हम आपको उच्च दुग्ध क्षमता वाली HF व क्रॉस गायों के लिए गर्मी व सर्दी दोनों मौसमों में अनुकूल शेड को बनाने का सही तरीका बताएंगे. ताकि आपको पशुपालन के काम में नुकसान न उठाना पड़े. क्योंकि पशुओं के उत्पादन में काफी हद तक शेड की सही व्यवस्था काम करती है. जिसमें शेड की बनावट, शेड की लंबाई ओर चौड़ाई साथ ही ऊंचाई आदि पर भी ध्यान दिया जाता है.
एक्सपर्ट कहते हैं कि शेड की बनावट और माप की बात करें तो शेड की लंबाई लगभग 45 से 50 फीट रखना चाहिए. वहीं इसकी ऊंचाई को लगभग 12 फीट रखना सही होगा. शेड की ऊंचाई दो फीट ज्यादा रखने के पीछे भी ठोस वजह है. असल में साधारण शेड, जिसकी ऊंचाई 10 फीट है और उसकी तुलना में 12 फीट ऊंचाई रखते हैं तो गर्म हवा ऊपर उठकर आसानी से बाहर निकलती है और अंदर घुटन नहीं होती. इससे अमोनिया गैस भी फार्म नहीं रुकती है.
इन बातों का रखें ध्यान
छत में पारंपरिक गाटर-पत्थर (RBC/स्लैब) का उपयोग करें, जो टीन शेड की तुलना में गर्मी में अंदर का तापमान ठंडा और सर्दियों में गर्म बनाए रखने में मदद करता है.
शेड में सामने 3 बड़े गेट और दोनों तरफ बड़ी-बड़ी खिड़कियां लगाएं. ताकि क्रॉस-वेंटिलेशन बना रहे.
गर्मियों में गर्म ‘लू’ रोकने के लिए पर्दों का इस्तेमाल भी करना चाहिए. सर्दियों में भी हवा रोकने के लिए ये पर्दे काम करेंगे.
जमीन से खुरली (मंगर) की ऊंचाई लगभग 3 फीट रखना सही होगा. जिससे गायें प्राकृतिक मुद्रा में आसानी से दाना-चारा खा सकें.
खुरली के अंदर नमक या सेंधा नमक (Lick Salt Block) रखें. ताकि पशु अपनी जरूरत के अनुसार चाट सकें.
एक गाय को बांधने के लिए बीच में कम से कम 4 फीट चौड़ाई का स्थान छोड़ा जाना चाहिए. बांधने वाले कुंडे लगभग साढ़े तीन से 4 फीट की दूरी पर लगाएं.
शेड के बाहर अंडरग्राउंड वाटर स्टोरेज टैंक और नहर के पानी का कनेक्शन लगाएं. चारे के लिए चाफ कटर (कुट्टी मशीन) और साइलेज (आचार) की व्यवस्था करें.
शुद्ध हॉल्स्टीन फ्रीजियन (HF) गायों में गर्मी सहन करने की क्षमता बहुत कम होती है, जबकि देसी व क्रॉस गायें थोड़ी अधिक गर्मी सह लेती हैं.
इसलिए गर्मी के तनाव से बचाने और दूध उत्पादन में गिरावट रोकने के लिए शेड के अंदर फोगर सिस्टम पंखे जरूर लगाएं.
निष्कर्ष
शेड बनाने में आपको कई अहम बातों की जानकारी यहां दी गई है. वहीं आप चाहें तो एक बार किसी अनुभवी पशुपालक से रायशुमारी भी कर लें. ताकि पशुपालन में आपको सिर्फ और सिर्फ फायदा हो.











Leave a comment