नई दिल्ली. मछली पालन एक बेहतरीन काम है और इसको करके अच्छी कमाई की जा सकती है. ऐसी जमीनें जहां पर कृषि नहीं हो सकती, वहां पर भी मछली पालन करके आप कमाई कर सकते हैं. अगर आप तालाब नहीं बनना चाहते तो बायोफ्लॉक और आरएएस जैसी तकनीक के जरिए कम जगह और कम लागत में मछली पालन कर सकते हैं. कुल मिलाकर कहा जाए तो वो किसान जो कृषि पर निर्भर हैं. अगर मछली पालन में भी हाथ आजमाते हैं तो उनको दोहरा फायदा हो सकता है. उनकी इनकम भी दोगुनी हो सकती है. सरकार भी यही चाहती है. इसलिए मछली पालन जैसे कामों को बढ़ावा देने का काम उनकी ओर से किया जा रहा है.
मछली पालन में अगर अमृत कतला और जयंती रोहू जैसी मछलियों को पालते हैं तो बेहतर विकल्प हो सकता है. सेंट्रल इंस्टीट्यूट आफ फ्रेश वॉटर एक्वाकल्चर CISF की ओर से सिलेक्टिव ब्रीडिंग तकनीक के जरिए इन दोनों मछलियों को विकसित किया गया है, जो उन्नत और उत्पादक मछली की प्रजातियां हैं.
जयंती राहू की क्या है खासियत
जयंती रोहू की खूबी की बात करें तो यह तेज विकास के लिए मशहूर है. सामान्य रोहू की तुलना में जयंती रोहू का वजन लगभग 38 गुना अधिक तेजी से बढ़ता है.
एक्सपर्ट बताते हैं कि पुरानी रोहू को एक किलो का होने में लगभग 18 महीने लगते हैं. जबकि जयंती रोहू 9 से 12 महीने में ही एक से ढाई किलो तक वजन हासिल कर लेती है.
इसकी रोग प्रतिरोधक क्षमता देसी रोहू की तुलना में अधिक अच्छी होती है. इसलिए मौसमी बीमारियों का खतरा नहीं रहता है.
अमृत कतला के बारे में जानें
अमृत कतला की बात करें तो यह भी तेजी से ग्रोथ हासिल करती है. सामान्य कतला के मुकाबले इसका वजन 35 गुना अधिक तेजी से बढ़ता है.
तेजी से बढ़ने की वजह से तालाब का प्रबंधन आदि का खर्च और मजदूर की लागत आदि बचती है. इससे मछली पालकों को ज्यादा फायदा होता है. क्योंकि उन्हें भुगतान कम करना होता है.
बिहार के मछली पालक ने हासिल की सफलता
हाल ही में बिहार के एक मछली पालक ने दोनों ही प्रजातियों की मछली पालन करके अच्छा उत्पादन हासिल किया है. जिसकी जानकारी बिहार के डेयरी मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग की ओर से दी गई है.
बिहार एक्वाकल्चर इम्प्रूवमेंट प्रोग्राम (BAIP) के तहत पूर्वी चंपारण के मत्स्य कृषक सुबोध कुमार सिंह ने उन्नत अमृत कतला और जयंती रोहू का पालन कर अच्छी वृद्धि हासिल की है.
बताया गया कि वर्तमान में अमृत कतला का औसत वजन 350 ग्राम तथा जयंती रोहू का 200–250 ग्राम तक पहुंच गया है.
निष्कर्ष
यह सफलता वैज्ञानिक मत्स्य पालन, गुणवत्तायुक्त मत्स्य बीज एवं तकनीकी सहयोग के माध्यम से उत्पादन और किसानों की आय बढ़ाने की संभावनाओं को दर्शाती है.












