नई दिल्ली. पोल्ट्री फार्मिंग में अक्सर ये देखने को मिलता है कि मुर्गियों में अचानक अंडा उत्पादन घटने (Drop in Egg Production) लगता है. इसके कई कारण हो सकते हैं. जिनका पता लगाकर उसका समाधान करना चाहिए. ताकि मुर्गियां निरंतर अंडों का उत्पादन करती रहें और इससे मुर्गी पालक को फायदा होता रहे. इस रिपोर्ट में लाइव स्टॉक एनिमल न्यूज एक्सपर्ट के बताए कारण और समाधान को लेकर आपके सामने आया है. जिससे आपको पोेल्ट्री फार्मिंग में नुकसान का सामना न करना पड़े. तो आइए डिटेल से जानते हैं.
कई बार मुर्गियों के शरीर में कैल्शियम और मिनरल्स की कमी हो जाती है और लाइट की व्यवस्था खराब रहती है. जबकि तनाव और मौसम के बदलने से भी अंडों का उत्पादन प्रभावित होता है. वहीं पेट में कीड़े (Worms) होने से ऐसा होता है. इन मामलों में कारण समझे बिना अंधाधुंध एंटीबायोटिक या दवाइयां देने से मुर्गियों का लिवर खराब हो जाता है और उत्पादन और ज्यादा गिर जाता है.
क्या उपाय आजमाएं
बता दें कि मुर्गियों की आंखों के जरिए प्रकाश उनके दिमाग तक पहुंचता है, जिससे अंडा बनने की हार्मोनल प्रक्रिया सक्रिय होती है.
यदि दिन में केवल 10 से 12 घंटे प्राकृतिक धूप मिलती है, तो मुर्गियां अपनी पूरी क्षमता से अंडे नहीं दे पातीं हैं.
इसलिए मुर्गियों को प्रतिदिन कुल 14 से 16 घंटे की रोशनी मिलनी चाहिए. दिन की रोशनी खत्म होने पर शाम को 2 से 4 घंटे बल्ब जलाकर यह अवधि पूरी करें.
अंडे का छिलका लगभग 85 फीसद कैल्शियम कार्बोनेट से बना होता है.
कैल्शियम कम होने पर मुर्गियो बिना छिलके (Soft-shell) वाले अंडे देने लगती हैं या अंडा देना बंद कर देती हैं.
इसलिए पशु चिकित्सक की सलाह से अच्छी गुणवत्ता का लिक्विड कैल्शियम हफ्ते में कम से कम 3 दिन पीने के पानी में मिलाकर दें.
मुर्गियों को समय-समय पर सहजन के पत्ते खिलाएं. इनमें प्राकृतिक रूप से प्रचुर मात्रा में कैल्शियम और अन्य जरूरी विटामिन्स होते हैं, जिससे दाने का खर्च भी घटता है और अंडा उत्पादन बढ़ता है.
यदि शेड 100 मुर्गियों का है, तो उसमें 100 से अधिक पक्षी न रखें.
शेड शांत जगह पर बनाएं और कुत्तों, बिल्लियों या अन्य शिकारी जानवरों से सुरक्षित रखें, क्योंकि डर और शोर से मुर्गियों का अंडा उत्पादन अचानक गिर जाता है.
तनाव के समय पशु चिकित्सक की सलाह से एंटी-स्ट्रेस दवा या विटामिन दें.
पेट में कीड़े होने पर मुर्गियों का सारा पोषण कीड़े सोख लेते हैं और दाना शरीर को नहीं लगता इसलिए समय पर डॉक्टर की सलाह से डीवॉर्मिंग कराएं.
निष्कर्ष
मुर्गियों को समय-समय पर नीम के पत्ते खिलाने से भी प्राकृतिक रूप से पेट के कीड़े नष्ट हो जाते हैं. इसलिए यहां बताए गए उपाय को भी जरूर आजमाएं.












