नई दिल्ली. मुर्गी पालन के काम में अगर ज्यादा मुनाफा कमाना चाहते हैं तो मुर्गियों से बेहतर उत्पादन लेना होगा और बेहतर उत्पादन तभी मिलेगा, जब मुर्गियां बीमार नहीं होंगी. ऐसे में आपको यह जानना होगा कि मुर्गियों को बीमारियों से कैसे बचाया जा सकता है. केंद्रीय पक्षी अनुसंधान संस्थान के एक्सपर्ट का कहना है कि मुर्गियां जब स्वस्थ रहती हैं तो उत्पादन में असर नहीं पड़ता है. केंद्रीय पक्षी अनुसंधान संस्थान (CARI) की ओर से लाइव स्टॉक एनिमल न्यूज को पांच चीजों के बारे में जानकारी दी गई. जिससे मुर्गियों को बीमारियों से बचाया जा सकता है.
इन पांच चीजों में हल्दी, लहसुन, नीम की पत्तियां शामिल हैं. वहीं इसके अलावा अदरक और गुड़ व तुलसी और पुदीने के पत्ते को एक साथ खिलाने से भी मुर्गियों को बीमारियों से बचाया जा सकता है. अदरक और गुड़ एक साथ और तुलसी व पुदीने की पत्तियों को एक साथ खिलाने के फायदे ज्यादा हैं.
जानें क्या है इनमें गुण
आप मुर्गियों को हल्दी के इस्तेमाल से बीमारियों से बचा सकते हैं. क्योंकि हल्दी में एंटीबैक्टीरियल, एंटी इन्फ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो मुर्गियों के लिए बहुत ही फायदेमंद होता है. समय-समय पर मुर्गियों को हल्दी खाने के लिए दी जाए तो इससे बीमारियों से बचाया जा सकता है.
वहीं लहसुन मुर्गियों के लिए बड़ा अच्छा होता है. लहसुन में एलिसिन नाम का एक यौगिक होता है, जो प्राकृतिक एंटीबायोटिक का काम करता है. इसलिए लहसुन, मुर्गियों को खाने के लिए देने से उनका पाचन तंत्र तो बेहतर होता है. जबकि इससे मुर्गियां बीमार भी नहीं पड़ती हैं.
आप मुर्गियों को स्वस्थ रखने और बीमारी से बचने के लिए नीम की पत्तियां भी दे सकते हैं. क्योंकि ये प्राकृतिक कीटनाशक है और एंटीसेप्टिक भी है. ये बाहरी परजीवी जैसे जू और किलनी को भी दूर भगा देती है.
मुर्गियों को आप अदरक भी खिला सकते हैं. अदरक और गुड़ को साथ देना चाहिए. अदरक से मुर्गियों को ऊर्जा मिलती है और सर्दी खांसी नहीं होती है. अदरक में एंटीवायरस और एंटी इन्फ्लेमेटरी गुण होता है और गुड़ मुर्गियों को ताकत देता है.
मुर्गियों को तुलसी और पुदीने की पत्ती भी फायदा करती है और उन्हें बीमार होने से बचाती है. यह दोनों पत्तियां मुर्गियों के साथ पाचन तंत्र को मजबूत करती हैं. जिसकी वजह से मुर्गियों को सांस लेने में दिक्कत नहीं आती. तुलसी के पत्तों में एंटीबैक्टीरियल गुण होते हैं और पुदीना पेट को ठंडा रखता है.
निष्कर्ष
यदि आप मुर्गियों को इन चीजों खिलाते हैं तो मुर्गियों को बीमारियों से बचा सकते हैं. इससे आपको उत्पादन अच्छा मिलेगा और मुर्गी पालन में फायदा होगा.












