नई दिल्ली. सर्दियों के मौसम में मुर्गियों में होने वाली सबसे घातक बैक्टीरियल बीमारी ई-कोलाई (E. coli / Colibacillosis) है और इसके कारण मुर्गी पालन में बहुत बड़ा नुकसान हो सकता है. इसलिए इसके लक्षण को पहचानकर जरूरी कदम उठाना जरूरी है. ई-कोलाई (E. coli) फैलने के मुख्य कारण की बात करें तो सर्दियों में हमारी ही कुछ प्रबंधन गलतियों के कारण यह बीमारी शेड में आती है. जैसे दूषित पानी और पानी का असंतुलित पीएच लेवल भी इसका कारण है. पीने के पानी के खराब से भी दिक्कत आती है. इसके अलावा ऑक्सीजन और वेंटिलेशन की कमी से भी ये बीमारी हो सकती है.
क्योंकि कई बार ठंड से बचाने के चक्कर में शेड को पूरी तरह बंद कर देने से अंदर ऑक्सीजन की कमी और जहरीली गैस बनना आम बात है. इससे समस्या गहरा जाती है. जबकि ठंड में मुर्गियों द्वारा कम पानी पीना और बिछावन (लिटर) का गीला होना भी इस बीमारी को दावत देता है. ओवरक्राउडिंग से भी बचाना चाहिए. कम जगह में जरूरत से ज्यादा मुर्गियां पालना भी इस बीमारी को दावत देता है.
बीमारी की पहचान कैसे करें
इस बीमारी में मुर्गियां दाना-पानी पूरी तरह बंद कर देती हैं, एक जगह स्थिर सुस्त खड़ी रहती हैं और पेट के निचले हिस्से में पानी भरी सूजन (Ascites जैसा उभार) दिखाई देती है.
वहीं मृत मुर्गी की जांच करने पर उसके लिवर (कलेजी) और हार्ट (दिल) के ऊपर सफेद या पीले रंग की मोटी परत जमी हुई दिखाई देती है, जो पूरे लिवर को ढक लेती है.
बचाव और उपचार का तरीका क्या है
तात्कालिक प्रबंधन सुधार के लिए तुरंत स्वच्छ और ताजे पानी की व्यवस्था करें.
पानी में एसिडिफायर (Acidifier) मिलाकर दें ताकि पानी का pH संतुलित रहे.
सभी ड्रिंकर, फीडर और पानी की पाइपलाइन की अच्छी तरह सफाई करें तथा शेड में ताजी हवा (वेंटिलेशन) का रास्ता खोलें.
पानी में देने वाला उपचार
1000 पक्षियों की खुराक के तौर पर ब्लीचिंग पाउडर 50 ग्राम, फिटकरी 50 ग्राम और मीठा सोडा 50 ग्राम ले लें.
उपयोग विधि की बात करें तो इन तीनों चीजों को बारीक पीसकर आपस में अच्छी तरह मिला लें और लगातार 3 रात मुर्गियों के पीने के पानी में मिलाकर दें. इससे शुरुआती और मध्य चरण का संक्रमण नियंत्रित हो जाता है.
निष्कर्ष
यदि बीमारी तीसरे चरण में पहुंच जाए, तो नुकसान अधिक होता है, इसलिए लक्षण दिखते ही तुरंत कदम उठाएं. ठंड में इसके अलावा अन्य बीमारियों का भी खतरा रहता है. इसलिए सबसे बचाव जरूरी है.













Leave a comment