नई दिल्ली. उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के निवासी बालेश्वर प्रसाद वर्मा ने पोल्ट्री फार्मिंग का बिजनेस शुरू करके एक मिसाल कायम की है. कृषि एवं पशुपालन में एमएससी की डिग्रीधारक वर्मा रिटायर्ड बैंक अधिकारी हैं. रिटायरमेंट के बाद उन्होंने पोल्ट्री किसानों के साथ अपने जुड़ाव के चलते इस बिजनेस में आने का मन बनाया. फिर साल 2021 में, उन्होंने “स्मार्ट यील्ड एग्रो” नाम की पार्टनरशिप फर्म की स्थापना की, जिसमें फर्म की प्रमोटर और साझेदार उनके परिवार की महिला उद्यमी हैं जो महिला सशक्तिकरण का एक उत्कृष्ट उदाहरण भी है.
बिजनेस की शुरुआत करने के लिए उन्होंने उत्तर प्रदेश के पशुपालन विभाग की पोल्ट्री विकास नीति 2013 एवं 2022 के तहत मदद ली. इसके अलावा, CARI, बरेली से पोल्ट्री फार्म प्रबंधन में प्राप्त प्रशिक्षण ने उनके व्यवसाय को तकनीकी रूप से सशक्त बनाया. फिर स्मार्ट यील्ड एग्रो ने अपने फार्म में अत्याधुनिक लेयर ऑटोमेशन सिस्टम को अपनाया है, जिसमें स्वचालित पर्यावरण नियंत्रण प्रणाली, फ़ीड वितरण प्रणाली, खाद निष्कासन प्रणाली और अंडा संग्रहण प्रणाली शामिल हैं. ये तकनीकें न केवल संचालन को अनुकूलित करती हैं बल्कि पक्षियों को अधिकतम आराम भी प्रदान करती हैं, जिससे नियमित उत्पादन मिलता रहता है.
जानें फार्म में कितनी मुर्गियां हैं
स्मार्ट यील्ड एग्रो ने 2021 में 30 हजार बर्ड क्षमता के साथ शुरुआत की और मात्र दो वर्षों में 2023 तक इसे बढ़ाकर 90 हजार पक्षियों तक पहुंचा दिया है.
क्षमता में ये तीन गुना वृद्धि से उत्पादन लागत बेहतर रूप से अनुकूलित हुई और मार्जिन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई.
उनके फार्म का वार्षिक अंडा उत्पादन 80,000 अंडे प्रतिदिन है. जबकि सालाना 12 करोड़ रुपए का टर्नओवर है.
उन्होंने स्थानीय किसानों को मक्का (पोल्ट्री फ़ीड का प्रमुख घटक) उगाने के लिए प्रोत्साहित किया और उनकी उपज के लिए सुनिश्चित बाजार प्रदान किया.
इस पहल से आसपास के क्षेत्रों में मक्का उत्पादन में साल-दर-साल वृद्धि हुई है, स्थानीय किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है एवं फसल विविधीकरण से मिट्टी की उर्वरता में सुधार हुआ है.
फार्म से उत्पन्न पोषक तत्वों से भरपूर पोल्ट्री खाद ने क्षेत्र की कृषि में शानदार परिणाम दिखाए हैं.
इसकी मांग में तेजी से वृद्धि हुई है और किसान रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम कर रहे हैं.
पोल्ट्री कारोबारी एक नजर में
नामः बालेश्वर प्रसाद वर्मा (संस्थापक)
शैक्षिक योग्यताः एम.एस-सी. (कृषि)
पूर्व व्यवसायः बैंक अधिकारी
फर्म का नामः स्मार्ट यील्ड एग्रो [पार्टनरशिप फर्म
स्थापना का वर्ष: 2021
व्यावसायिक गतिविधिः लेयर पोल्ट्री फार्मिंग
प्रजातिः स्काईलार्क एवं हाय-लाइन
वार्षिक कारोबारः 12 करोड़ (अनुमानित FY 25-26)
वार्षिक अंडा उत्पादनः 80,000 अंडे प्रतिदिन
रोजगार सृजितः प्रत्यक्ष-18, दैनिक मजदूर 10 से 12









