नई दिल्ली. उत्तर प्रदेश की सरकार राज्य में पोल्ट्री कारोबार यानी मुर्गी पालन को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है. इसी के नतीजे में सरकार की ओर से उत्तर प्रदेश कुक्कुट विकास नीति 2022 की शुरुआत की गई थी, जिसके तहत लाखों रुपए का लोन बेहद कम ब्याज सब्सिडी दर पर सरकार की ओर से उपलब्ध कराया जा रहा है. ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग पोल्ट्री फार्मिंग के काम में आगे आएं और राज्य में अंडा और मीट उत्पादन को बढ़ाने में सहयोग कर सके.
सरकार ने उत्तर प्रदेश कुक्कुट विकास नीति 2022 के तहत 70 लाख रुपए तक के लोन 5 वर्ष के लिए 7 फीसद ब्याज पर उपलब्ध करवाने का वादा किया है. इतना ही नहीं 5 साल तक मुफ्त बिजली और जमीन खरीद पर स्टांप शुल्क में छूट भी उपलब्ध कराई जा रही है. इसके तहत लेयर और ब्रॉयलर फार्म के लिए सरकारी सहायता भी सरकार की तरफ से उपलब्ध है.
पांच साल में चुकाएं लोन
अगर आप अपना लेयर या ब्रॉयलर पोल्ट्री फार्म शुरू करना चाहते हैं तो 70 लाख रुपए तक का लोन ले सकते हैं और इसे 5 साल में चुकाने का मौका मिलेगा. वह भी सिर्फ 7 फीसद ब्याज सब्सिडी दर पर.
ऐसा नहीं है कि सरकार सिर्फ बड़े स्तर के पोल्ट्री फार्म के लिए ही मदद कर रही है. बल्कि छोटे स्तर के पोल्ट्री फार्म के लिए भी सरकार की तरफ से मदद मुहैया कराई जा रही है.
इसके लिए 9 लाख रुपए तक का लोन सरकार की तरफ से मिल सकता है. जिस पर 25 से 33 फीसद तक सब्सिडी एससी एसटी वर्ग के लोगों के लिए निर्धारित की गई है.
इस तरह की योजनाओं का फायदा लेने के लिए जिले के विकास भवन और पशुपालन विभाग कार्यालय में आवेदन किया जा सकता है.
अगर आप ऑनलाइन आवेदन करना चाहते हैं तो इन्वेस्ट डॉट यूपी की आधिकारिक वेबसाइट पर इससे संबंधित तमाम अहम जानकारी उपलब्ध है.
निष्कर्ष
आपको बता दें कि सरकार के पशुपालन विभाग के मंत्री धर्मपाल सिंह ने हाल ही में एक बयान में कहा था कि राज्य में हर दिन 2 करोड़ अंडों का उत्पादन हो रहा है. जबकि जनसंख्या के मुताबिक हर रोज 3 करोड़ अंडों की जरूरत है. वहीं सरकार ने ये मंशा जाहिर की थी कि राज्य में हर दिन 5 करोड़ अंडों का उत्पादन किया जाएगा. इसी लक्ष्य के तहत सरकार तमाम योजनाएं चला रही है. ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग पोल्ट्री फार्मिंग के काम में आगे हैं और इस टारगेट को पूरा किया जा सके.











Leave a comment