नई दिल्ली. मछली पालन के जरिए किसानों की इनकम बढ़ाने के साथ-साथ सरकार महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनाना चाहती है. ताकि महिलाएं भी अपने परिवार के लिए इनकम हासिल कर सकें. सरकार की तरफ से की गई पहल के जरिए मूल्य संवर्धन पर दिए जा रहे जोर के नतीजे में गतिविधियों और मत्स्य आधारित उद्यमों में महिलाओं की भागीदारी के लिए भी एक मजबूत आधार तैयार हो रहा है. भारत के मत्स्य पालन क्षेत्र में महिलाएं एक महत्वपूर्ण शक्ति के रूप में उभरी हैं, विशेष रूप से फसलोत्तर कार्यों और लघु उद्यमों में, जहां मूल्य संवर्धन ने आय सृजन और उद्यमिता के नए अवसर खोले हैं.
प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना (पीएमएमएसवाई) के तहत महिलाओं के सशक्तीकरण को प्राथमिकता दी गई है. इस योजना के तहत पिछले पांच वर्षों में 1.28 लाख से अधिक महिला लाभार्थियों के हित में 4,155 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है, जिसमें केंद्र की हिस्सेदारी 1,572 करोड़ रुपये है.
महिलाएं फिशरीज सेक्टर में क्या कर रही हैं
इस सहायता से महिलाएं मछली सुखाने, मछली का अचार एवं पापड़ बनाने, स्मोक्ड फिश उत्पाद तैयार करने में आगे आईं हैं.
साथ ही मछली का पाउडर बनाने तथा पैकेजिंग एवं खुदरा बिक्री जैसी विभिन्न गतिविधियों में भागीदारी करने में सक्षम हुई है.
मोबाइल फिश वेंडिंग इकाइयां और सूक्ष्म प्रसंस्करण उद्यम तटीय, अंतर्देशीय तथा पूर्वोत्तर राज्यों में महिलाओं के लिए स्थायी आजीविका के अवसर सृजित कर रहा है.
साथ ही, ये किफायती एवं प्रोटीन से भरपूर खाद्य पदार्थों की उपलब्धता बढ़ाकर पोषण सुरक्षा को भी मजबूत कर रहा है.
भारत का मत्स्य पालन क्षेत्र अब केवल मछली उत्पादन तक सीमित न रहकर मूल्य श्रृंखला आधारित और प्रौद्योगिकी-सक्षम पारिस्थितिकी तंत्र की ओर तेजी से अग्रसर हो रहा है.
इस परिवर्तन को प्रसंस्करण, लॉजिस्टिक्स, कोल्ड-चेन अवसंरचना, डिजिटल प्लेटफॉर्म और उद्यमिता में किए जा रहे निवेशों से समर्थन मिल रहा है.
पीएमएमएसवाई,पीएम-एमकेएसएसवाई, एपआईडीएफ और केसीसी के समन्वित क्रियान्वयन से यह क्षेत्र कटाई के बाद होने वाले नुकसान को कम करने में सफल रहा है.
साथ ही मूल्यवर्धित समुद्री खाद्य उत्पादों के निर्यात का विस्तार करने, मछुआरों की आय बढ़ाने, महिलाओं के नेतृत्व वाले उद्यमों को प्रोत्साहित करने और ग्रामीण रोजगार के अवसर सृजित करने की दिशा में बेहतर स्थिति में है.
कहा जा रहा है कि भारतीय मत्स्य पालन क्षेत्र का भविष्य केवल अधिक मछली उत्पादन पर ही निर्भर नहीं करेगा.
बल्कि नवाचार, आवागमन, प्रसंस्करण और सतत बाजार विकास के माध्यम से मछुआरों और मत्स्य पालकों को उपभोक्ताओं से जोड़ने वाली लचीली और बाजार-उन्मुख मूल्य श्रृंखलाओं के निर्माण पर निर्भर करेगा.













Leave a comment