नई दिल्ली. मुर्गी पालन का काम एक ऐसा काम है, जिसको घर पर भी आसानी के साथ किया जा सकता है और इसे कमर्शियल तौर पर भी करके मोटी कमाई कर सकते हैं. ये काम इतना अच्छा है कि घर की महिलाएं अपने रसोई के काम के साथ-साथ इसे कर सकती हैं. मुर्गी पालन में आमतौर पर ग्रामीण इलाकों में महिलाएं देसी नस्ल की मुर्गियों को पालकर घर के खर्चे में हाथ बटाती हैं. अगर आप लेयर नस्ल की मुर्गियों को पालते हैं तो इससे अंडों का उत्पादन मिलता है. जबकि ब्रॉयलर मुर्गों को पालकर मीट उत्पादन किया जाता है.
पोल्ट्री फार्मिंग में अंडा उत्पादन और मीट उत्पादन दोनों ही करके तगड़ी कमाई की जा सकती है. बस ये आपको तय करना है कि कौन सा काम करना है. क्योंकि मार्केट में अंडों की डिमांड भी खूब है और दिन-ब-दिन इसकी मांग बढ़ती जा रही है. जबकि बफेलो और भेड़—बकरी के मीट के मुकाबले चिकन मीट सस्ता होने की वजह से इसकी भी उपयोगिता दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है.
अभी शुरू करें ये काम, जानें क्यों
एक्सपर्ट का कहना है कि मुर्गी पालन शुरू करने के लिए फरवरी और मार्च का वक्त सबसे अच्छा होता है. चूजों की ब्रूडिंग के लिए यह वक्त आइडियल है. क्योंकि इस वक्त ना ज्यादा ठंड रहती है ना ही ज्यादा गर्मी.
इसके अलावा आप अगस्त नवंबर के बीच भी मुर्गी पालन के काम को शुरू कर सकते हैं. जिससे अच्छा रिजल्ट मिलता है.
इस वक्त फरवरी का महीना चल रहा है और अगला महीना मार्च का है. ऐसे में मुर्गी पालन का काम शुरू करने की इच्छा रखते हैं तो ये वक्त सबसे सही है. अभी इस काम को शुरू कर सकते हैं.
हालांकि एक्सपर्ट का यह भी कहना है कि आप दिसंबर और जनवरी में मुर्गियों और अंडों को सेल करने के लिए इस काम को करना चाहते हैं तो जुलाई या अगस्त में इस काम को शुरू करना चाहिए.
मुर्गी पालन शुरू करने के लिए कुछ नियम कायदे भी हैं. जैसे फार्म आवासीय क्षेत्र से तकरीबन 1 किलोमीटर दूर होना चाहिए.
पोल्ट्री फार्मिंग के बिजनेस में फार्म के साथ सफाई पर ज्यादा ध्यान दिया जाना चाहिए. ताकि चूजों की ग्रोथ में कोई दिक्कत ना आए और वो तेजी के साथ बढ़ें ताकि आपको फायदा मिल सके.
एक्सपर्ट कहते हैं कि पोल्ट्री फार्मिंग का काम शुरू करने के लिए शुरूआत में छोटे स्तर इस काम को करना चाहिए और बाद में इसे बढ़ाते चले जाना चाहिए.
निष्कर्ष
पोल्ट्री फार्मिंग में वैक्सीनेशन भी बेहद जरूरी काम है. इसका भी ख्याल रखना होता है. तभी चूजों की ग्रोथ अच्छी होती है और आपको पोल्ट्री फार्मिंग के काम में फायदा मिलता है.












