नई दिल्ली. वाराणसी में हुए ‘रंगीलो काशी 2026’ कार्यक्रम के मौके पर उत्तर प्रदेश सरकार में पशुपालन एवं डेयरी मंत्री धर्मपाल सिंह (Shri Dharam Pal Singh Ji) ने कहा इसे केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि ग्रामीण भारत का उत्सव बताते हुए किसानों, पशुपालकों और डेयरी क्षेत्र को एक मंच पर लाने के प्रयासों की सराहना की. उन्होंने कहा कि भारत की ग्रामीण अर्थव्यवस्था में पशुधन की महत्वपूर्ण भूमिका है तथा कृषि एवं पशुपालन एक-दूसरे के पूरक हैं. उन्होंने एनडीडीबी के अध्यक्ष डॉ. मीनेश शाह के नेतृत्व में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की डेयरी यात्रा को सुदृढ़ बनाने में एनडीडीबी की महत्वपूर्ण भूमिका है.
उन्होंने कहा कि अब लक्ष्य केवल अधिक दूध उत्पादन करना नहीं, बल्कि कम लागत में अधिक उत्पादकता, बेहतर गुणवत्ता और किसानों के लिए बेहतर आय सुनिश्चित करना है. इसके लिए पशु स्वास्थ्य, संतुलित पोषण, नस्ल सुधार, वैज्ञानिक पशुपालन, समय पर पशु चिकित्सा तथा मजबूत एवं संगठित बाजार व्यवस्था पर समान रूप से ध्यान देना आवश्यक है.
गायों के संरक्षण पर भी फोकस होगा
▶️ उन्होंने किसानों से खेती के साथ पशुपालन को आय के एक महत्वपूर्ण स्रोत के रूप में अपनाने का भी आह्वान किया.
▶️ देशी नस्लों जैसे-साहीवाल, गिर, हरियाणवी, गंगातीरी और थारपारकर के संरक्षण एवं सुधार की आवश्यकता पर जोर देने की बात कही.
▶️ उन्होंने आगे कहा कि वैज्ञानिक हस्तक्षेपों के माध्यम से पशुओं की उत्पादकता बढ़ाने जरूरत है. हम इसपर काम कर रहे हैं.
▶️ उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि पशु स्वास्थ्य के बिना उत्पादकता संभव नहीं है और बेहतर पशु प्रबंधन, टीकाकरण एवं वैज्ञानिक देखभाल की व्यवस्था को गाँव-गाँव तक सुदृढ़ करना आवश्यक है.
▶️ ‘रंगीलो काशी’ को किसानों के लिए ज्ञान, अनुभव, वैज्ञानिक सोच और पशुधन की बेहतर समझ साझा करने का मंच बताया.
▶️ उन्होंने ऐसे आयोजनों के माध्यम से सफल डेयरी एवं पशुपालन मॉडल को किसानों तक पहुँचाने की आवश्यकता पर बल दिया.
▶️ अंत में उन्होंने कहा कि स्वस्थ पशुधन, वैज्ञानिक पशुपालन, बेहतर उत्पादकता और संगठित डेयरी व्यवस्था के माध्यम से ही किसानों एवं ग्रामीण परिवारों की समृद्धि को नई दिशा दी जा सकती है.
▶️ वहीं एनडीडीबी के चेयरमैन डॉ. मीनेश शाह ने कहा कि उन्होंने कहा कि एनडीडीबी की सोच किसान को केंद्र में रखकर ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक एवं आर्थिक बदलाव लाना और उनके जीवन में सुधार करना है.
▶️ इसी सोच के साथ एनडीडीबी उत्तर प्रदेश सरकार तथा अपनी सहयोगी संस्थाओं के साथ मिलकर प्रदेश के किसानों के लिए डेयरी को आय और समृद्धि का सशक्त माध्यम बनाने की दिशा में कार्य कर रही है.











