नई दिल्ली. लुधियाना स्थित गुरु अंगद देव वेटरनरी एंड एनिमल साइंसेज यूनिवर्सिटी ने “पंजाब में बीटल बकरी नस्ल में सुधार के लिए रोडमैप तैयार करने के लिए संरक्षण से व्यावसायीकरण तक” विषय पर एक विचार-मंथन सम्मेलन आयोजित किया. इस सम्मेलन में वैज्ञानिकों, नीति निर्माताओं, उद्योग प्रतिनिधियों और प्रगतिशील बकरी पालकों ने पंजाब की देसी बीटल बकरी नस्ल के संरक्षण और सुधार की रणनीतियों पर चर्चा की. यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. जे.पी.एस. गिल इस कार्यक्रम के संरक्षक थे, जबकि एक्सटेंशन एजुकेशन के निदेशक डॉ. आर.एस. ग्रेवाल ने सम्मेलन की अध्यक्षता की.
डॉ. जे.पी.एस. गिल ने जोर देकर कहा कि इस सम्मेलन से अनुसंधान संस्थानों, सरकारी विभागों, किसानों और उद्योग से जुड़े लोगों के बीच सहयोग मजबूत होगा. इससे पंजाब में बीटल नस्ल के संरक्षण, आनुवंशिक सुधार और व्यावसायीकरण के लिए एक समन्वित दृष्टिकोण अपनाने का रास्ता साफ होगा.
बकरी पालकों के लिए आजीविका के अवसरों पर चर्चा
मखदूम स्थित ‘सेंट्रल इंस्टीट्यूट फॉर रिसर्च ऑन गोट्स’ के प्रधान समन्वयक डॉ. एम.के. सिंह ने नस्ल विकास के लक्ष्य में बकरी पालन क्षेत्र के योगदान पर प्रकाश डाला.
उन्होंने नस्ल संरक्षण, वैज्ञानिक प्रजनन, उत्पादकता बढ़ाने, वीर्य (सीमेन) संरक्षण और व्यावसायिक प्रचार-प्रसार के लिए एक समन्वित दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया.
तकनीकी चर्चाओं में बीटल नस्ल की वर्तमान स्थिति, विशेषताओं और चुनौतियों, वेटरनरी यूनिवर्सिटी में आनुवंशिक सुधार पर चर्चा हुई.
इसके अलावा ‘स्टॉल-फीडिंग’ (बाड़े में रखकर खिलाने) के तरीकों से मिले अनुभवों, प्रजनन उद्देश्यों और चयन के मानदंडों, तथा किसानों के बीच आनुवंशिक सुधार की रणनीतियों पर बात की गई.
विशेषज्ञों ने बकरी के वीर्य के संरक्षण, एकीकृत बकरी पालन, बीमारियों की रोकथाम, जैव-सुरक्षा (बायोसिक््योरिटी), आर्थिक व्यवहार्यता, विपणन रणनीतियों, बकरी पालन के लिए नीतिगत समर्थन और बकरी पालकों के लिए आजीविका के अवसरों पर भी चर्चा की.
डॉ. आर.एस. ग्रेवाल ने बताया कि पंजाब के पशुधन क्षेत्र को मजबूत करने और ग्रामीण आजीविका को टिकाऊ बनाने के लिए बीटल बकरी नस्ल का संरक्षण और आनुवंशिक सुधार बहुत जरूरी है.
उन्होंने किसानों के अनुकूल तकनीकें विकसित करने, बाजार तक पहुंच मजबूत करने और वैज्ञानिक तरीके से बकरी पालन के बारे में जागरूकता फैलाने के महत्व पर भी जोर दिया.
समापन सत्र में विभिन्न हितधारकों के विचार जाने गए, खुली चर्चा हुई और कुछ महत्वपूर्ण सुझाव तैयार किए गए.
इस पहल ने वैज्ञानिक बकरी पालन को बढ़ावा देने, पशुओं के देसी आनुवंशिक संसाधनों को संरक्षित करने और पंजाब में पशुधन पर आधारित टिकाऊ आजीविका को प्रोत्साहित करने के प्रति यूनिवर्सिटी की प्रतिबद्धता को फिर से दोहराया.










