नई दिल्ली. पोल्ट्री फार्मिंग के दौरान अगर आपने ब्रॉयलर मुर्गों को पाल रखा है तो उन्हें ठंड से बचाना बेहद जरूरी होता है. जनवरी का महीना चल रहा है, ऐसे में मुर्गों को ठंड से बचाया न गया तो फिर उन्हें कई तरह की दिक्कत हो सकती हैं. जैसे ठंड की वजह से मुर्गों में एनर्जी की कमी हो जाती है. उनकी ग्रोथ में भी कमी होती है. जल्दी से बीमारियां उन पर हावी हो जाती हैं. जबकि सांस से जुड़ी बीमारियां जैसे सीआरडी होना आम बात है. ऐसे में मुर्गों में मृत्यु दर दिखाई दे सकती है. जिसका खामियाजा आपको भुगतना पड़ सकता है. पोल्ट्री फार्मिंग का काम खराब होने पर बड़ा आर्थिक नुकसान हो सकता है.
केंद्रीय पक्षी अनुसंधान संस्थान (CARI) के एक्सपर्ट ने लाइव स्टॉक एनिमल न्यूज (Livestock Animal News) को बताया कि मुर्गों में शरीर की गर्मी बनाए रखने के लिए ज्यादा ऊर्जा की जरूरत होती है. इसलिए वो ठंड से बचने के लिए अपनी ऊर्जा खर्च करते हैं. जिससे उनका वजन नहीं बढ़ता है और बीमारियां जल्दी से जकड़ लेती हैं. खासकर चूजों में यह दिक्कत ज्यादा दिखाई देती है. इस वजह से ठंड से बचाने के कुछ उपाय करना चाहिए.
कैसे तैयार करें देशी जुगाड़
आप ब्रॉयलर मुर्गों को बिना इलेक्ट्रिसिटी इस्तेमाल किए ही ठंड से बचा सकते हैं. इसका तरीका बेहद ही आसान है.
इसके लिए आपको एक टैंक लेना होगा. जिसमें अच्छी तरह से लकड़ी का बुरादा ठूंस-ठूंस कर भरना होगा.
लकड़ी का बुरादा जिस वक्त भरें, बीच में एक पाइप लगा देना चाहिए. ताकि बीच के हिस्से में बुरादा न भरे और वह हिस्सा खाली रहे.
इसके बाद ऊपर से टैंक को बंद कर देना है और नीचे से आग लगा देना है. जिससे बुरादा धीरे-धीरे जलेगा.
फार्म के अंदर धुआं ना हो इसके लिए जो बीच का हिस्सा है उसमें पाइप डालकर छोड़ दें. टैंक के ढक्कन से एक पाइप को जोड़कर बाहर निकाल देना चाहिए.
इस तरह से धुआं पोल्ट्री फार्म के बाहर निकल जाएगा और इसे मुर्गों को कोई दिक्कत भी नहीं होगी. टैंक से अगर कहीं से धुआं लीक हो रहा है तो वहां पर मिट्टी का लेप लगा देना चाहिए.
निष्कर्ष
एक्सपर्ट का कहना है कि बेहद ही कम खर्चे में मुर्गों के लिए पोल्ट्री फार्म में तापमान मेंटेन करने का ये आसान और देशी व पुराना तरीका है. जिसको इस्तेमाल करके आप पोल्ट्री फार्मिंग की लागत को और मुर्गों को ठंड से बचा सकते हैं.












